रामसनेहीघाट (बाराबंकी)। रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र के जेठबनी चौराहे पर बनी तीन पक्की दुकानों में बुधवार रात शाॅर्ट सर्किट से आग लग गई। इस अग्निकांड में दुकानों के बाहर खड़ी दो बाइकें भी जल गईं। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस हादसे में करीब 10 लाख का नुकसान बताया जा रहा है।
भिटरिया-हैदरगढ़ मार्ग पर नगर पंचायत की सीमा में जेठबनी चौराहा पड़ता है। भेंदुआ गांव निवासी शारदा प्रसाद यादव यहां मकान बनाकर रहते हैं। मकान के आगे की इनकी किराने की दुकान व इनके भाई श्रवण कुमार की सिलाई मशीन व चोकर की दुकान है। बुधवार शाम दोनों लोग दुकानें बंद कर घर चले गए थे। रात करीब 12 बजे स्थानीय लोगों को किराना की दुकान से आग की लपटें उठती दिखाई पड़ी। तब जब लोग कुछ कर पाते सिलाई मशीन व चोकर की दुकानों में भी आग फैल गई।
स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी और आग बुझाने में जुट गए। लेकिन भीषण होती गई। दुकान के पास खड़ी दो बाइकें भी आग की चपेट में आ गई। करीब 20 मिनट बाद रामसनेहीघाट से पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने आग बुझाना शुरू किया। दुकान में गैस सिलिंडर रखा होने के कारण हालात खतरनाक हो गए।
दुकानों के आसपास से गुजरे बिजली के तार भी जलने लगे। फायरकर्मियों ने सूझबूझ कर परिचय देते हुए दुकान में रखा सिलिंडर बाहर निकला। करीब दो घंटे बाद आग बुझी लेकिन तीनों दुकान में रखा किराना, चोकर व सिलाई का सामान राख हो चुका था। शारदा व श्रवण के अनुसार करीब 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
आग शाॅर्ट सर्किट से लगी है। अगर सिलिंडर को समय रहते नहीं हटाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। मामले की रिपोर्ट जिला अग्निशमन अधिकारी को दी गई है।
- चंद्रभूषण शुक्ला, एलएफएम, अग्निशमन विभाग