शहर के ककरहिया स्थित कूड़ा निस्तारण प्लांट में लगी आग। -संवाद
बाराबंकी। ककरहिया स्थित कूड़ा प्लांट में बृहस्पतिवार को एक बार फिर आग लग गई।यहां कूड़े में आग लगने की यह एक सप्ताह में यह तीसरी घटना है। बीते आठ माह से कूड़ा प्लांट बंद होने के कारण कूड़े का निस्तारण नहीं हो पा रहा है। शहर से प्रतिदिन करीब 30 से 35 मीट्रिक टन कूड़ा आ रहा है, जो प्लांट के परिसर में एकत्र हो रहा है।इससे कूड़े का बड़ा सा ढेर लग गया है। बृहस्पतिवार शाम प्लांट में एकत्र कूड़े के ढेर में आग लगने से आसपास धुआं फैल गया। इससे आसपास के लोग परेशान हो गए। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने फायर ब्रिगेड को बुलाकर आग बुझवाई। बीती 15 फरवरी की रात भी ककरहिया स्थित कूड़ा प्लांट में आग लग गई थी। 16 फरवरी की सुबह एक बार फिर आग भड़क उठी थी। इस पर आसपास के लोगों ने काफी नाराजगी जताई थी। अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बृहस्पतिवार को कूड़ा प्लांट में आग की सूचना पर ईओ व एसडीएम मौके पर पहुंचे और फायर बिग्रेड को सूचना दी। करीब दो घंटे बाद दमकल की गाड़ी पहुंची लेकिन उसका नोजल खराब था। इसके बाद दूसरी गाड़ी पहुंची और आग बुझाना शुरू किया। एसडीएम विजय कुमार त्रिवेदी का कहना है सूचना पर मौके पर गया था और आग पर काबू पा लिया गया है। आग कैसे लगी इसकी जांच कराई जा रही है।