बाराबंकी। फोन पर कर्मचारी से अभद्रता किए जाने के मामले में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर के अधीक्षक डॉ. राजीव दीक्षित के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। विशेष सचिव ने शिकायत मिलने पर मामले की जांच एसपी को सौंपी थी। एसपी के आदेश पर गुरुवार की शाम केस दर्ज किया गया।
पुलिस के मुताबिक सेमराय निवासी अंकित सिंह सूरतगंज सीएचसी में बीएचडब्ल्यू के पद पर कार्यरत हैं। अंकित ने गत दिनों तत्कालीन सीएमओ डॉ. रमेश चंद्र को ऑडियो रिकार्डिंग के साथ शिकायती पत्र देकर रामनगर सीएचसी अधीक्षक डॉ. राजीव दीक्षित पर अभद्रता करने का आरोप लगाया था। इसके बाद अंकित की मां अंजुमा सिंह ने मामले की शिकायत अपर मुख्य सचिव गृह से की। विशेष सचिव अमिताभ त्रिपाठी ने गत माह एसपी अरविंद चतुर्वेदी को पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट मांगी थी। गुरुवार शाम एसपी के आदेश पर सीएचसी अधीक्षक के विरुद्ध रामनगर थाने पर केस दर्ज लिया गया है। प्रभारी रामचंद्र सरोज ने बताया कि अभद्रता के मामले में केस किया गया है।