बाराबंकी। लखनऊ रोड स्थित सेठ विशंभरनाथ इंजीनियरिंग एवं मैनेजमेंट कॉलेज के प्रबंध तंत्र के खिलाफ छात्रवृत्ति हड़पने का केस दर्ज कराया गया है। वर्ष 2016-17 के पीजीडीएम के करीब 274 छात्रों के वजीफे की रकम न देने की शिकायत की जांच जिलाधिकारी के आदेश पर डीआईओएस और समाज कल्याण अधिकारी ने की थी। जांच के बाद जिला समाज कल्याण अधिकारी ने शनिवार को नगर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस के अनुसार जिला समाज कल्याण अधिकारी एसपी सिंह की ओर से सेठ विशंभरनाथ इंजीनियरिंग कॉलेज के प्रबंधतंत्र के खिलाफ दी गई तहरीर में कहा गया है कि पीजीडीएम के 274 छात्रों को छात्रवृत्ति (प्रति छात्र 4950 रुपये) की राशि संस्थान ने नहीं दी। इसकी शिकायत कुछ छात्रों ने निदेशक समाज कल्याण से की थी। इस पर डीएम ने डीआईओएस व जिला समाज कल्याण अधिकारी से जांच कराई। उसके केस दर्ज कराया गया। जिला समाज कल्याण अधिकारी एसपी सिंह ने बताया कि जांच के दौरान वर्ष 2016-17 के पीजीडीएम के 274 छात्रों की छात्रवृत्ति न देने की जांच की गई। संस्थान के प्रबंधतंत्र ने 144 छात्रों को छात्रवृत्ति देने की जानकारी दी पर इसकी पुष्टि छात्रों से नहीं हो सकी। डीएम के आदेश पर केस दर्ज कराया गया है। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह रघुवंशी ने बताया कि डीएम के निर्देश पर सेठ विशंभरनाथ इंजीनियरिंग कॉलेज के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।