बाराबंकी। नकली ऑटो पार्ट्स बेचने के आरोप में शहर के तीन व्यापारियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। गुड़गांव से आई कंपनी की तीन सदस्यीय टीम ने शनिवार को तीन दुकानों पर छापा मारा। इस दौरान 90 नकली पार्ट्स बरामद किए गए हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच कर रही है।
शहर कोतवाल धर्मेद्र सिंह रघुवंशी के मुताबिक गाड़ियां बनाने वाली देश की एक चर्चित कंपनी के गुड़गांव से आए तीन सदस्यीय दल ने शहर में आटो पार्ट्स के तीन विक्रेताओं के यहां पर छापेमारी की। कंपनी के ह्दय नारायण, कुलदीप कुमार व अमित कुमार ने पुलिस टीम के साथ इंदर आटोमोबाइल, जय किसान ट्रैक्टर व श्याम ट्रैक्टर के यहां छापा मारकर करीब दो लाख कीमत के 90 नकली ऑटो पाटर्स बरामद। यह सभी व्यापारी कंपनी के नाम पर नकली आटो पाटर्स बेचने का काम कर रहे थे। गुड़गांव से आए कंपनी के सदस्यों ने बताया कि बाराबंकी में कंपनी के नाम पर नकली आटो पार्ट्स बेचे जाने की शिकायत उच्चाधिकारियों को मिली थी।
करीब एक माह पहले बाराबंकी के तीन दुकानों से ऑटो पार्ट्स खरीदकर उनकी जांच कराई गई तो नकली मिले। इसके बाद दुकानों पर पुलिस की मदद से छापेमारी की गई है। इस कार्रवाई में दुकानों में कंपनी के नाम के नकली आटो पार्ट्स बरामद हुए है। इस पर तीनों व्यापारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इस छानबीन के दौरान मंडी चौकी प्रभारी अभिमन्यु शुक्ला के साथ पुलिस कर्मी मौजूद थे। इस कार्रवाई से शहर के अन्य आटो पार्ट्स व्यापारियों में हड़कंप मच गया। कोतवाल ने बताया कि तीन व्यापारियों के खिलाफ संबंधित धारा में रिपोर्ट दर्ज करी जांच की जाएगी।