बाराबंकी। टिकैतनगर स्थानीय कस्बे के एक निजी स्कूल में प्रधानाचार्य से अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। यह घटना फीस न जमा करने पर बच्चों को टोकने के विवाद को लेकर हुई थी।
व्हाइट फेदर्स ग्रुप ऑफ एजुकेशनल इंस्टीट्यूट बनगांवा के उप प्रधानाचार्य (परीक्षा प्रभारी) अनिल कुमार शुक्ला ने थाना टिकैतनगर में दी तहरीर में बताया कि 11 मार्च की दोपहर करीब 12:13 बजे वह अपने कार्यालय में बैठे थे। इसी दौरान कक्षा नौ के एक छात्र के पिता श्याम सिंह स्कूल में आए। उनके साथ कक्षा 11 की छात्रा के पिता बलराम सिंह भी थे। उनके साथ भाई सूरज सिंह और कक्षा 11 की एक अन्य छात्रा के पिता रमेश गुप्ता भी मौजूद थे। इन सभी ने कार्यालय में पहुंचकर प्रधानाचार्य से गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर मारपीट और धमकी दी। वहीं आरोपी अभिभावकों का कहना है कि मात्र दो माह की फीस जमा न करने के कारण स्कूल में बच्चों को धूप में खड़ा कर दिया गया था। इसका विरोध करने पर प्रधानाचार्य ने अभद्रता की ।