बाराबंकी। सतरिख के लखाइचा चौराहे के निकट दो दिन पूर्व एक पिकअप से 30 बोरी यूरिया खाद पकड़ी गई थी। यह खाद कालाबाजारी को ले जाई जा रही थी। कृषि अधिकारी राजितराम की जांच में इस मामले में चार लोगों की संलिप्तता पाई गई। कृषि अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जांच में पिकअप चालक चंद्रमौली और उसके साथी रणजीत सिंह ने लिखित बयान दिया है कि यूरिया खाद अशोक कुमार यादव की दुकान से ली गई थी। इसे असदामऊ स्थित गोदाम से सतरिख थाना क्षेत्र के सहेलियां ले जाया जा रहा था, लेकिन किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं द्वारा चालान मांगने पर वे नहीं दे पाए।
कृषि अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान असदामऊ गोदाम और विक्रेता के मकान में अवैध भंडारण मिला। उर्वरक के संबंध में कोई साक्ष्य या अभिलेख उपलब्ध नहीं कराए गए, जिससे खाद कालाबाजारी स्पष्ट हुई। इस मामले में अशोक, चंद्रमौली, रणजीत, जितेंद्र बहादुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। प्रभारी निरीक्षक डीके सिंह ने बताया कि कृषि अधिकारी की शिकायत पर चार लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।