पहले घटना को छेड़छाड़ बताने वाली सतरिख पुलिस को आखिरकार गैंगरेप का मुकदमा दर्ज करना पड़ा। किशोरी को शराब पिलाकर गैंगरेप करने के मामले में जागी सतरिख पुलिस ने अब तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दो आरोपी पकड़ भी लिए है।
वहीं इस मामले में मिर्जापुर के तीन लोगों का नाम आने के बाद पुुलिस की एक टीम वहां भी भेजी गई है। हालांकि पुलिस अधिकारी अभी इस मामले में कोई भी खुलासा नहीं कर रहे है।
सतरिख थाना क्षेत्र में मंजीठा गांव के पास बंद पड़े ईंट भट्ठे में 23 मई की रात एक 16 वर्षीय किशोरी को शराब पिलाकर उसके साथ गैंगरेप किया गया था। घटना के बाद ग्रामीणों को किशोरी नग्न हालत में मिली थी। जिसके बाद पहुंची पुलिस ने मामले में छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज की थी।
इस बीच बुधवार की शाम पहुंचे किशोरी के परिवारीजनों ने पुलिस को बताया था कि वह मिर्जापुर जिले की रहने वाली है, 18 मई को घर से लापता हो गई थी। परिवारीजनों ने गांव के ही एक ट्रक चालक पर किशोरी को अपने साथ लाने का आरोप लगाया था।
चिकित्सीय परीक्षण में दुुराचार की पुष्टि होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, लेकिन इस बात का अधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं किया है।
मिर्जापुर भेजी गई पुलिस टीम
सीओ सदर दुर्गेश कुमार सिंह का कहना है कि घटना में गैंगरेप का मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। किशोरी से गैंगरेप मामले में तार मिर्जापुर जिले से जुड़े होने के चलते एक पुलिस टीम वहां भेजी गई है। कहा आरोपियों की गिरफ्तारी होने के बाद ही पूरी स्थिति साफ हो सकेगी।