बाराबंकी। सफदरगंज थाना के भैसुरिया गांव में बुजुर्ग दंपती के बीच मंगलवार देर रात किसी बात को लेकर मारपीट हुई। बताते हैं कि पहले बुजुर्ग ने वृद्धा पर डंडे से प्रहार किया फिर वृद्धा ने बुजुर्ग के सिर पर कोई वजनी चीज दे मारी। सिर में गंभीर चोट आने के बाद बेहोश हुए वृद्ध की जिला अस्पताल में मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया। परिजनों ने मारपीट के दौरान गिरने से चोट आने की बात कही है।
सफदरगंज थाना क्षेत्र के भैसुरिया गांव शरीफ (67) अपनी पत्नी साफिया (64) के साथ गांव की मस्जिद के निकट रहते थे। इनके एक पुत्र अतीक व पांच बेटियां हैं। पुत्र बदोसराय में रहता है जबकि बेटियां अपनी ससुराल में। गांव के लोगों के अनुसार मंगलवार रात किसी बात को लेकर बुजुर्ग दंपति के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हुई। पहले शरीफ ने पत्नी साफिया के सिर पर ईट या डंडा मारा दिया। जिससे गुस्से में आई वृद्धा ने पति पर किसी वजनी चीज से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट आने के बाद पड़ोसियों व ग्रामीणों को सूचना हुई। कुछ ही देर में एक पुत्री व नाती आदि पहुंच गए। शरीफ को गंभीर हालात में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, मगर इलाज के दौरान कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। वहीं, सूचना मिलने के बाद सफदरगंज पुलिस बुधवार शाम भैसुरिया गांव पहुंची। ग्रामीणों ने पुलिस को सारी जानकारी दी। लेकिन पुत्र व पुत्रियों में कोई तहरीर देने को तैयार नहीं हुआ। सफदरगंज के एसएचओ सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि कोई तहरीर नही मिली है। परिजनों ने लिखकर दिया है कि मारपीट के दौरान गिरने से चोट आने के कारण मौत हुई।
अक्सर होता था विवाद
ग्रामीणों ने बताया कि बुजुर्ग दंपती में अक्सर विवाद होता था। चर्चा है कि उमरा जाने को लेकर यह कहासुनी होती थी। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई।