रामनगर। रामनगर कस्बे में बुधवार को गोदाम के पास वाहन खड़ा करके माल लादने को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष के पुत्रों व सभासद प्रतिनिधि तथा भाइयों के बीच मारपीट हो गई। इसमें दोनों तरफ के एक-एक लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, नगर पंचायत रामनगर के अध्यक्ष रामशरण पाठक के घर के ठीक सामने सभासद पति शुभम जायसवाल का गोदाम बना है। वहां वाहन पर माल लोड किया जा रहा था। वाहन रास्ते में खड़ा होने के आरोप में नगर पंचायत प्रशासन ने शुभम जायसवाल को एक सप्ताह पहले नोटिस दिया था। बुधवार दोपहर गोदाम के सामने वाहन खड़ा कर माल की लोडिंग हो रही थी। तभी नगर पंचायत अध्यक्ष व उनके पुत्रों के साथ पांच अन्य लोगों ने गोदाम के पास आकर खड़े वाहन को लेकर आपत्ति जताई। इसके बाद मारपीट होने लगी। इसमें सभासद पति मोनू पाठक व शुभम जायसवाल जख्मी हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मारपीट करने वाले लोगों की तलाश की, लेकिन वह लोग मौके से भाग निकले। संवेदनशील होने के चलते शांति बनाए रखने के लिए घटनास्थल पर भारी पुलिस बल बुला लिया गया। कोतवाल अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर मिली है। रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।