कोटवाधाम (बाराबंकी)। टिकैतनगर थाना क्षेत्र के चिर्रा गांव के पास सरयू नदी में डूबे लोगों के शव निकाल लिए गए हैं। सोमवार को सुबह एसडीआरएफ की टीम ने नदी से अहमद रजा का शव निकाला। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो तीन दिनों से मातम झेल रहा चिर्रा गांव फिर दहल पड़ा।
बीते शनिवार को टिकैतनगर थाना क्षेत्र के चिर्रा गांव निवासी मोहम्मद शकील के दो पुत्र अंफासुल हसन उर्फ हमजा (12) व अहमद रजा (15) के साथ गांव के ही साथ महमूद आलम का पुत्र साफहद अहमद (13), इसका मौसेरा भाई अयोध्या जिले के रुदौली थाना क्षेत्र के एथर विचाला गांव निवासी अयान (10) गांव के बाहर सरयू नदी में नहाते वक्त डूब गए थे। इन्हें बचाने में साफहद अहमद का चाचा नूर आलम (25) भी डृूब गया था। हमजा, अयान व साफहद के शव उसी दिन निकाल लिए गए थे। रविवार को नूर आलम का शव बरामद हुआ था।
लगातार रेस्क्यू में लगी एसडीआरएफ की टीम ने सुबह अहमद रजा का शव करीब दो किमी दूर बरामद किया। कोहराम के बीच शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। शाम करीब चार बजे किशोर का का शव गांव पहुंचा तो परिजनों के रोने बिलखने से पूरा गांव दहल उठा। शांति व्यवस्था के लिए गांव में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। घटना के तीसरे दिन भी मृतकों के घरों में चूल्हे नहीं जले हैं। आसपास के लोग अपने घरों से खाना खिलाने की कोशिश कर रहे हैं।
एक ही कब्र में दफन हुए दोनों भाई
चिर्रा गांव निवासी मो. शकील जो सऊदी अरब में रहकर नौकरी करते हैं। नदी में डूबकर इनके दो पुत्र अंफासुल हसन उर्फ हमजा व अहमद रजा की मौत हुई है। घटना के बाद ही शकील सऊदी अरब से लौटे थे। नम आंखों से दोनों भाइयों के शवों को एक ही कब्र में दफन कर दिया गया।
आखिरी बार वीडियो कॉल से देखा बेटों का चेहरा
हमजा व अहमद रजा की मौत के बाद सऊदी अरब में मौजूद उसके पिता ने आखिरी बार वीडियो काॅल से बेटों का चेहरा देखा। परिजनों ने बताया कि सऊदी अरब से वापसी के लिए टिकट नहीं मिलने से ऐसा हुआ। उधर, पांच मौतों से चिर्रा गांव में ईद को लेकर कोई खुशी नहीं है। इस बार यह परिवार ईद नहीं मनाएंगे। केवल नमाज अदा होगी।
चार-चार लाख रुपये मिलेगी आर्थिक सहायता
नदी में डूबे चार बच्चों व युवक की मौत को लेकर दैवीय आपदा के तहत रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। रामसनेहीघाट के एसडीएम रामआसरे वर्मा ने बताया कि चार बच्चों व एक युवक के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता शासन द्वारा दी जाएगी।