बंगला बाजार स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में बृहस्पतिवार को 7वीं की छात्रा आंचल (14) की तबीयत अचानक बिगड़ गई। विद्यालय प्रशासन की सूचना पर पहुंचे पिता सुरेश चंद्र को बताया गया कि वह बेहोश है। इसपर सुरेश उसे बाइक से लेकर सात किमी दूर सीएचसी जैपुर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने छात्रा को मृत बताया।
जैदपुर क्षेत्र के फतुल्लापुर मजरे मचौची गांव निवासी आंचल के साथ ही पढ़ने वाली चचेरी बहन अंजली ने बताया कि बुधवार रात से आंचल को बुखार था। वह बाथरूम में लड़खड़ा कर गिर गई थी। बृहस्पतिवार सुबह उल्टी होने पर शिक्षिका ने दवा दी। पिता सुरेश चंद्र के अनुसार बृहस्पतिवार दोपहर बाद करीब तीन बजे विद्यालय से फोन आया कि आंचल की तबीयत खराब है। इसपर वह विद्यालय पहुंचे और आंचल को बाइक से लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत बताया। सूचना पर अस्पताल पहुंची जैदपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक अमित प्रताप सिंह ने बताया कि कोई आरोप नहीं लगाया गया है। जैदपुर सीएससी की डॉ. नजमुल आरफीन सिद्दीकी ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही आंचल की मौत हो चुकी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा।
................................
आंचल को बुखार था। हालत बिगड़ने पर परिजनों को सूचना दी गई। मामले की जांच कराई जाएगी।
-संतोष देव पांडेय, बीएसए बाराबंकी