ईद-उल-अजहा अपने फर्ज के लिए कुर्बानी की भावना सिखाती है। कुर्बानी के जज्बे के साथ अल्लाह की बारगाह में बुधवार को हजारों सिर सजदे में झुकेंगे और उस अजीम कुर्बानी को याद करेंगे जैसा हुक्म के बाद हजरत इब्राहिम ने मिसाल पेश की थी। बकरीद की नमाज के लिए मस्जिदों में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नमाज के बाद कुर्बानी का दौर शुरू हो जाएगा। जिले में जहां 96 जगहों पर कुरबानी होगी वहीं 550 स्थान पर नमाज अदा की जाएगी।
इसके अलावा पुलिस द्वारा जगह जगह पर पैदल मार्च किया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर रंग बिरंगी रोशनी के बीच धनोखर, निबलेट, घंटाघर बाजार का हुस्न पूरे शबाब पर रहा। ढलती शाम के साथ ही बाजार की रंगत में निखार आता गया। सिंवई, चूड़ी, रेडीमेड गारमेंट, टोपी, किराना, बेकरी, मिठाई आदि दुकानों पर खूब भीड़ रही।
35 हजार में बिका ‘सुल्तान’
पल्हरी के समीप तमाम नस्ल और कीमत के बकरे बाजार में मौजूद रहे। बकरा बाजार में खरीदारों की खूब भीड़ रही। लोगों ने ज्यादातर तीन से आठ हजार तक के बकरे खरीदने में रुचि दिखाई। आज की बाजार सबसे महंगा मोहम्मद असलम का सुल्तान नाम का बकरा 35 हजार में बिका।