बाराबंकी। शहर के कपड़ा व्यापारी नीरज जैन (50) की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। परिजनों का आरोप है कि नीरज को 10 प्रतिशत ब्याज पर लिए कर्ज को लेकर लगातार धमकाया जा रहा था। उनसे कहा गया कि ...खुद को गोली मार लो, नहीं तो दुकान पर जाकर गोली मार देंगे। मानसिक रूप से प्रताड़ित होकर नीरज ने जान दे दी।
नीरज जैन कल्पना साड़ी प्रतिष्ठान के संचालक थे। रविवार देर रात उन्होंने लक्ष्मणपुरी स्थित किराये के मकान में खुद को गोली मार ली। घटना के समय उनकी पत्नी पूजा और पुत्र नोएडा में थे। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद मृतक के भाई धीरज जैन ने कोतवाली में तहरीर दी। जिसके आधार पर पुलिस ने सात लोगों पर केस दर्ज किया था।
धीरज ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद जब वह भाई के घर पहुंचे तो उन्होंने नीरज के मोबाइल की रिकॉर्डिंग सुनी। उधर, एक वॉइस रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही है। हालांकि ‘अमर उजाला’ इस वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं करता। सोशल मीडिया पर प्रसारित इस कथित बातचीत में नीरज द्वारा उधार लिए गए 28 लाख रुपए पर ब्याज बढ़कर करीब 90 लाख रुपए तक पहुंचने की बात कही जा रही है।
एसपी उत्तरी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि नीरज की रिवॉल्वर को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा है। आरोपों के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। हर कोण से पड़ताल की जा रही है।
- विकासचंद्र त्रिपाठी, एएसपी उत्तरी