त्रिवेदीगंज (बाराबंकी)। लाेनी कटरा थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार को हाईवे किनारे बोरी में बंद मिली महिला की लाख के मामले में पुलिस ने पड़ोस गांव के दंपती को हिरासत में लिया है। आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या लूट के बाद सिर पर डंडा मार कर की गई।
लोनीकटरा क्षेत्र के तहवापुर की सावित्री (58) का बोरी में बंद शव शुक्रवार सुबह हुसैनाबाद चौराहे के पास झाड़ियों में मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में गंभीर चोट से मौत की पुष्टि हुई थी। मृतका के पति किशोरी लाल की आठ साल पहले हुई मौत के बाद से वह अपने पुत्र अयोध्या व बहू के साथ रहती थी जबकि पति की पहली पत्नी के दो पुत्र रामनाथ व छविनाथ दूसरे मकान में रहते थे। अब तक हुई जांच में सामने आया कि बृहस्पतिवार को सावित्री पेंशन निकालने घर से निकली थी।
हुसैनाबाद चौराहे के पास रहने वाला एक युवक उसे बाइक से भिलवल बैंक ले गया था। वापस लौटने पर चौराहे पर उसने समोसा मंगा कर खिलाया और उसे लेकर अपने घर के अंदर चला गया था। सावित्री के पास से नकदी व जेवर गायब थे। इसलिए आशंका जताई जा रही है कि युवक ने घर के अंदर लूटपाट के बाद सिर पर डंडे का वार कर महिला की हत्या कर दी और फिर शव बोरे में रख 50 मीटर दूर झाड़ियों में लाकर फेंक दिया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि चौराहे पर व बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग में मृतका के साथ युवक दिखाई दे रहा है। सीओ हैदरगढ़ आलोक पाठक ने भरोसा जताया कि रविवार तक घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।