बाराबंकी। बेटी से अश्लीलता के विरोध में पिता की शिखा उखाड़कर घायल करने के आरोप में दो नामजद सहित चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।
एक महीने पहले शहर कोतवाली क्षेत्र में शुगर मिल रोड पर रहने वाले एक व्यक्ति ने सीजेएम की अदालत में अर्जी देकर बताया कि 19 मई को वह बेटी के साथ आम की फसल देख रहे थे। इस दौरान वहां पहुंचे अभिषेक व ओमकार के साथ मुंह में गमछा बांध कर आए दो अज्ञात व्यक्ति बेटी के सामने अश्लील गाना गाने लगे।
उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने जमीन पर गिराकर पीटा। गमछे से गला दबाने लगे। धमकी देते हुए अभिषेक व दो अज्ञात लोगों ने उनकी शिखा के बाल उखाड़ लिए जिससे खून बहने लगा। पुलिस पर सुनवाई न करने, कोतवाली के बाहर पांच घंटे बैठाने के अलावा धमकाने का आरोप लगाया। अदालत ने इसे लेकर पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया। शहर कोतवाल सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।