सूरतगंज। यूरिया खाद की किल्लत से जूझ रहे किसानों का शनिवार को छंगेपुर स्थित बिझला समिति पर गुस्सा फूट पड़ा। कई दिनों से खाद के लिए समिति के चक्कर काट रहे किसानों ने सुबह से ही जमकर हंगामा किया। स्थिति बिगड़ने पर मौके पर पुलिस को बुलाना पड़ा। इसके बाद पुलिस की निगरानी में खाद का वितरण कराया गया।
शनिवार सुबह से ही गोवा मंझारा, खालेपुरवा, क्योटली, इब्राहिमपुर, डिहुआ समेत कई गांवों के किसान खाद लेने के लिए समिति पर लाइन में खड़े थे। घंटों इंतजार के बाद भी खाद वितरण को लेकर स्थिति स्पष्ट न होने पर किसानों का आक्रोश बढ़ गया। कुंती देवी, मायावती, बालकराम, कौशल, विमला देवी, भीमसेन, अनिल कुमार, शिव कुमार, केसरचंद, रामतीर्थ, छोटेलाल, अनुज, अजय सहित बड़ी संख्या में किसानों ने समिति परिसर में हंगामा किया।
किसानों ने समिति पर खाद वितरण में अनियमितता का आरोप लगाते हुए कहा कि शुक्रवार को समिति पर करीब 500 पैकेट यूरिया खाद पहुंची थी, लेकिन रातोंरात खाद गायब कर दी गई। किसानों ने यहां पर तैनात शिवशंकर पर खाद हटाने का आरोप लगाया। किसानों ने पूरे मामले की जांच कराकर खाद की उपलब्धता और वितरण का हिसाब सार्वजनिक किए जाने की मांग की है।
15 दिन से चक्कर लगाने के बाद भी खाली हाथ
खालेपुरवा की कुंती देवी, गोवा मंझारा की मायावती और विमला देवी ने बताया कि वे करीब 15 दिनों से यूरिया खाद के लिए समिति के चक्कर काट रही हैं, लेकिन अब तक एक बोरी खाद भी नहीं मिल सकी। किसानों का कहना है कि खेती के महत्वपूर्ण समय में खाद नहीं मिलने से उनकी फसल प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है।