सूरतगंज (बाराबंकी)। थाना क्षेत्र मोहम्मदपुर खाला के टेपरा में खेत में बांस काट रहा किसान एचटी लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। सीएचसी पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक टेपरा मजरे बैरानामऊ निवासी शेषपाल (25) गुरुवार की दोपहर पत्नी शालिनी के साथ गांव के बाहर खेत में आलू की फसल सिंचाई करने गया था।
वह खेत में लगी कोठी से बांस काटने लगा, इसी बीच खेत से निकली ग्यारह हजार वोल्ट की लाइन की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से झुलस गया। पत्नी शालिनी की सूचना पर पहुंचे परिवारीजन गंभीर हालत में उसे सीएचसी सूरतगंज ले गए जहां डॉक्टरों में मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। (संवाद)