जैदपुर। पश्चिम एशिया में छिड़े युद्ध की आग अब हजारों किमी दूर बाराबंकी जिले के कुछ गांवों तक महसूस की जा रही है। ईरान में धार्मिक शिक्षा ग्रहण कर रहे कई युवकों के अलावा इस्राइल में काम कर रहे जिले के श्रमिकों का हाल लेने के लिए परिजन बेचैन है। मोबाइल स्क्रीन से चिपकी आंखों में बेचैनी साफ देखी जा सकती है। वहां से लोग वीडियो कॉल पर आसमान में छूटती मिसाइलें दिखा रहे हैं तो यहां परिजन चिंतित हो जाते हैं। घरों में टीवी चैनलों और अंतरराष्ट्रीय अपडेट्स पर नजर बनी हुई है।
जैदपुर ईरान में बढ़ते हमलों व सुप्रीम लीडर की मौत ने जिले के कस्बा जैदपुर के कई परिवारों की नींद उड़ा दी है। कस्बे के करीब आधा दर्जन युवा कुम शहर में रहकर दीनी तालीम हासिल कर रहे हैं और एक मौलाना वहीं बच्चों को पढ़ा भी रहे हैं। इंटरनेट सेवाएं बाधित होने से सीधे संपर्क मुश्किल हो गया है, जिससे परिजनों की बेचैनी बढ़ गई है।
मोहल्ला चिकना महल निवासी अली गदीर रिजवी ने बताया कि उनके छोटे भाई मौलाना जौहर अब्बास पिछले करीब बीस वर्षों से कुम के विश्वविद्यालय में दीनी शिक्षा से जुड़े हैं। तालीम पूरी करने के बाद वे वहीं बच्चों को पढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। तीन माह पहले वे अपनी मां, पत्नी और दो बेटियों को साथ लेकर जियारत के लिए गए थे और तब से वहीं हैं। शनिवार को मौलाना जौहर अब्बास ने फोन पर हमले की जानकारी दी। इसके बाद इंटरनेट सेवाएं ठप होने से संपर्क टूट-सा गया। रविवार सुबह संक्षिप्त कॉल पर उन्होंने बताया कि दोनों ओर से बमबारी जारी है।
कुम में पढ़ रहे जैदपुर के अन्य छात्र
कस्बे के मोहल्ला दलालन निवासी मौलाना मोहम्मद फहीम, मोहल्ला रईस कटरा के मौलाना अरशद रजा, मोहल्ला पछली के मौलाना सैय्यद अली, और मोहल्ला चिकना महल के मौलाना मोहज्जब अब्बास के परिजन भी अपने बेटों की एक-एक कॉल का इंतजार कर रहे हैं।
........................
इस्राइल में काम करने गए हैं 12 युवक
बाराबंकी। देवा कोतवाली क्षेत्र के जगदीशपुर गांव के अंकुर सिंह, राजपाल सिंह समेत लगभग करीब 12 युवक पिछले कई महीनों से इस्राइल में मजदूरी कर रहे हैं। परिजनों के मुताबिक, राजपाल सिंह करीब चार महीने पहले ही दोबारा इस्राइल गए थे। गांव में उनका परिवार रोजाना वीडियो कॉल के जरिये हालात जान रहा है। वीडियो कॉल पर अंकुर सिंह ने बताया कि इस्राइल की सुरक्षा प्रणाली अधिकांश मिसाइलों को हवा में ही डिफ्यूज कर देती है। सायरन बजते ही हम लोग शेल्टर में चले जाते हैं। कई बार आसमान में ही मिसाइलें फटती दिखती हैं। राजपाल ने फोन पर बताया फिलहाल साइट बंद है। कंपनी ने कहा है कि बाहर कम निकलो। खाने-पीने का इंतजाम है।