बाराबंकी। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा तिथियां बुधवार को घोषित कर दी गईं। यह परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च तक आयोजित की जाएंगी। तिथि की घोषणा के साथ ही माध्यमिक शिक्षा विभाग ने स्थानीय स्तर पर परीक्षा की तैयारियां भी तेज कर दी हैं। परीक्षा केंद्रों का विवरण विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन दर्ज करने का निर्देश भी जारी किया गया है।
शिक्षा विभाग द्वारा जारी पत्र में जिन विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाना हैं उनके प्रधानाचार्यों को भौतिक डाटा विभाग की वेबसाइट पर 10 नवंबर तक अपलोड करने का निर्देश दिया गया। डीआईओएस ओपी त्रिपाठी ने बताया कि वही विद्यालय परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे जो सभी मानकों को पूरा करते हैं। अपलोड भौतिक डाटा का सत्यापन भी एसडीएम के स्तर से किया जाएगा। परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार से लेकर सभी कक्षों में सीसीटीवी कैमरों का संचालन के साथ ही फर्नीचर, बाउंड्री वॉल, स्ट्रांगरूम जैसी सुविधा होना जरूरी है।