बाराबंकी। डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की बीए, बीएससी व बीकाम की परीक्षाएं सुरक्षा व्यवस्था के बीच शनिवार को जिले के 46 केंद्रों पर शुरू हुईं। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मनोज दीक्षित ने देवा के सलारपुर स्थित आदर्श एजूकेशन कॉलेज का निरीक्षण किया। सीसीटीवी कैमरे से परीक्षा की निगरानी की जांच की। कुलपति ने केंद्राध्यक्ष नकल विहीन परीक्षा कराने के निर्देश दिए।
शहर के जनेस्मा में पहली पाली में बीए, बीएससी व बीकाम तृतीय वर्ष के 281 छात्र-छात्राओं ने सुबह सात बजे से 10 बजे तक परीक्षा दी। इस दौरान छह विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में प्रथम वर्ष के पौने पांच सौ परीक्षार्थियों ने साढ़े 11 बजे से डेढ़ बजे तक परीक्षा दी। इसमें 14 विद्यार्थी गैरहाजिर रहे। तीसरी पाली में द्वितीय वर्ष के 319 छात्र-छात्राओं ने तीन बजे से छह बजे तक परीक्षा दी। आठ ने परीक्षा छोड़ दी। कॉलेज के गेट पर विद्यार्थियों की तलाशी के बाद उन्हें प्रवेश दिया गया। परीक्षा के दौरान आंतरिक सचल दल भी सक्रिय रहा। नोडल केंद्रों पर परीक्षा की कापियां जमा की गईं। जनेस्मा प्राचार्य डॉ. आरएस यादव ने बताया कि 28 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।