परिषदीय विद्यालय के बच्चों के लिए यह एक खुशी भरी खबर है। अब उनका जन्मदिन विद्यालय में गुरुजी अन्य बच्चों के साथ मनाएंगे। इस दिन खेलकूद के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम भी किए जाएंगे। यह योजना नए सत्र से शुरू होने जा रही है।
शासन ने आदेश जारी किया है कि परिषदीय विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों का जन्मदिन माह में एक निर्धारित तिथि पर मनाया जाएगा। यदि एक साथ कई बच्चों का जन्मदिन उसी तिथि में पड़ता तो उन बच्चों का जन्मदिन शासन द्वारा दिए गए आदेश के आधार पर मनाया जाएगा।
शासन से मिले आदेश के बाद विभागीय अधिकारियों ने इस दिशा में कार्य तेज कर दिया है। क्योंकि यह योजना नए शैक्षिक सत्र से लागू हो रही है और नया शैक्षिक सत्र शुरू होने में महज तीन दिन ही बचे हैं। योजना लागू करने के पीछे तर्क दिया जाता है कि बच्चों में एकता और भाईचारे की भावना को जाग्रत करना है।
इससे बच्चों में मेल मिलाप बढे़गा इसके साथ ही वह उनमें प्रतिदिन विद्यालय आने की भावना और प्रबल होगी। क्योंकि कोई भी त्योहार मनाया जाता है तो सबसे ज्यादा खुशी बच्चों में होती है। जब बच्चों का जन्मदिन विद्यालय में मनाया जाएगा तो उनमें और उत्साह बढ़ेगा।
वहीं परिषदीय विद्यालयों से जो बच्चों की संख्या दिन ब दिन घटती जा रही है उस पर भी विराम लग सकेगा। शिक्षक भी इस योजना की सराहना कर रहे हैं और इसे सही समय पर लिया गया सही निर्णय भी मान रहे हैं।