जिला अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में फैली फायर पाइप लाइन।
बाराबंकी। जिला अस्पताल और महिला अस्पताल में करोड़ों की लागत से फायर सिस्टम तो लगा दिए गए, लेकिन एनओसी आज तक मिल सका है। अमर उजाला ने मंगलवार को पड़ताल की तो हकीकत का खुलासा हुआ है।
महिला अस्पताल में 2019 में और जिला अस्पताल में 2024 में फायर सिस्टम लगाए गए थे। जिला अस्पताल और जिला महिला अस्पताल में करीब सवा दो करोड़ रुपये की लागत से फायर सिस्टम लगाए गए। गत नवंबर में ऑडिट की प्रक्रिया पूरी होने के बाद एनओसी के लिए आवेदन किया गया।
अग्निशमन विभाग ने निरीक्षण किया गया और खामियों काे दूर करने के लिए कहा। इन खामियों को दूर कर पूरी रिपोर्ट अग्निशमन विभाग को भेज दी गई, लेकिन करीब चार महीने बाद भी एनओसी जारी नहीं हुआ है। जिला अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन 1200 से 1500 मरीज देखे जाते हैं। वहीं, महिला अस्पताल में 400 से 500 प्रसूताएं प्रतिदिन इलाज के लिए आती हैं। फायर एनओसी न मिल पाने से यह स्पष्ट नहीं है कि यहां लगा फायर फाइटिंग सिस्टम किसी घटना के वक्त कितना कारगर होगा।