शहर में जमुरिया नाले के समीप अभियान चलाकर नगर पालिका टीम द्वारा हटाया गया अतिक्रमण।
बाराबंकी। शहर में नगर पालिका व तहसील प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने के लिए एक बार फिर अभियान शुरू किया गया है। दोपहर से शुरू हुआ यह अभियान पटेल चौराहे से लखपेड़ाबाग चौराहे तक दोनों पटरियाें पर चलाया गया।
शहर में बुधवार दोपहर बाद लगर पालिका ईओ संजय कुमार शुक्ला, कर निर्धारण अधिकारी कमलेश चौबे एवं तहसील प्रशासन ने शहर में पटेल तिराहे के निकट अभियान शुरू किया। इस दौरान जमुरिया नाले के पास से जेसीबी की सहायता से कई गुमटियों और ठेलों को जब्त किया गया। कई पुरानी गुमटियां कब्जे में लेने के प्रयास में मौके पर ही क्षतिग्रस्त हो गईं। इसकी जानकारी लगते ही अवैध कब्जेदारों में हड़कंप मच गया। आननफानन कई दुकानदारों ने अपने कब्जे हटाने शुरू कर दिए। कुछ ने गुमटियां मौके से हटवा दीं तो कुछ ने नाले के पीछे कर लीं। ईओ ने दुकानदारों को निर्देशित करते हुए कहा कि नाले के बाद फुटपाथ पर अतिक्रमण कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आगे भी अभियान जारी रहेगा।