टिकैतनगर (बाराबंकी)। चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारियों के लिए जलपान की व्यवस्था देख रहे एक नगर पंचायत कर्मी को दरोगा ने थप्पड़ जड़ दिया। इससे नाराज साथी कर्मियों ने कार्य बहिष्कार कर दिया। हंगामे की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे एसडीएम ने मामला शांत कराया। इसके बाद दरोगा को तत्काल ड्यूटी से मुक्त कर दिया गया।
नगर पंचायत टिकैतनगर के बूथ संख्या 10 पर सुबह मतदान को लेकर सब इंस्पेक्टर सुखराज तैनात किए गए थे। इसी दौरान नगर पंचायत में तैनात भंडारी संतोष श्रीवास्तव कर्मचारियों को चाय-पानी की व्यवस्था कराने गए थे। वह अपना मोबाइल जेब में रखे थे। दरोगा ने उनसे मोबाइल निकालने को कहा। आरोप है कि नाराज दरोगा ने मोबाइल छीन लिया और उन्हें थप्पड़ जड़ दिया। घटना को लेकर कार्यालय के बाबू ने दरोगा से पूछा तो उससे भी अभद्रता की। इसे लेकर हंगामा हुआ और कर्मचारी कार्य बहिष्कार पर चले गए। मौके पर पहुंचे एसडीएम सिरौलीगौसपुर विश्वमित्र सिंह व कोतवाल सुरेश कुमार पांडेय ने सभी को शांत कराया। इसके बाद दरोगा को तत्काल हटा दिया गया। कर्मियों ने थाने पर तहरीर देने की बात कही है।