बाराबंकी। जिला अस्पताल की इमरजेंसी को 150 बेड का करने की तैयारी तेज हो गई है। बेड बढ़ने से मरीजों को राहत मिलने के साथ ही दूसरे अस्पतालों में रेफर करने का दबाव भी कम होगा। अस्पताल प्रशासन ने इसके लिए प्रस्ताव तैयार करना शुरू कर दिया है।
जिला अस्पताल की इमरजेंसी में फिलहाल 40 बेड हैं। इनमें से एक भी बेड खाली नहीं रहता। प्रतिदिन 250 से 300 मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। इनमें 10 से 12 मरीजों को बेड उपलब्ध न होने के कारण रेफर करना पड़ता है। मौजूदा समय में बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ने से स्थिति और गंभीर हो गई है। खासकर रात में इमरजेंसी में मरीजों की भीड़ अधिक रहती है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, तत्कालीन सीडीओ अन्ना सुदन के निर्देश पर इमरजेंसी में 10 बेड बढ़ाए गए थे, लेकिन मरीजों की संख्या के मुकाबले यह व्यवस्था भी पर्याप्त साबित नहीं हुई। गंभीर मरीजों को भी बेड न मिलने पर रेफर करना पड़ता है। इससे तीमारदारों को निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ता है।
-
पास की जमीन पर बनेगा वार्ड
अस्पताल प्रशासन इमरजेंसी के पास खाली पड़ी भूमि पर बहुमंजिला भवन बनाकर बेडों की संख्या बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इमरजेंसी के सामने बने पार्क की भूमि का भी वार्ड निर्माण में उपयोग किया जा सकता है।
-
जिला अस्पताल की इमरजेंसी को 150 बेड का करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इमरजेंसी के पास खाली भूमि पर बहुमंजिला भवन बनाने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद इसे स्वीकृति के लिए शासन को भेजा जाएगा।
-डॉ. जेपी मौर्य, सीएमएस, जिला अस्पताल