प्रबंधक वित्त ने कुर्सी थाने में दी तहरीर, तलाश में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
बाराबंकी। पिछले पांच दशक से देश में पेयजल का कारोबार करने वाली बिसलेरी कंपनी की जिले में लगी यूनिट में 50 लाख रुपये से अधिक का गबन हुआ है। कंपनी के प्रबंधक वित्त की तहरीर पर कुुर्सी थाने में वरिष्ठ लेखाकार के खिलाफ गबन, धोखाधड़ी व नकली दस्तावेज तैयार करने का केस दर्ज किया गया है। कंपनी ने लेखाकार को बर्खास्त कर दिया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
बिसलेरी की एक यूनिट कुर्सी थाना क्षेत्र में लगी है। कंपनी के साहिबााबाद स्थित कार्यालय के प्रबंधक वित्त निखिल बंसल ने एसपी को तहरीर देकर बताया कि कंपनी पानी का उपयोग करने के बाद जार की वापसी करने पर वितरक को 150 रुपये वापस कर देती है। जिसका भुगतान नकद की बजाय क्रेडिट के रूप में बैंक खाता में किया जाता है। जिससे वितरक कंपनी के उत्पाद खरीद लेते हैं। वितरक शिप बंद होने पर सुरक्षा राशि भी वापस कर दी जाती है।
लखनऊ के दुबग्गा निवासी रोहित सिंह कंपनी में वरिष्ठ कार्यकारी लेखाकार थे। वह लखनऊ कार्यालय में तैनात रहे मगर बाराबंकी का हिसाब किताब उन्हीं के जिम्मे था। कुछ दिन पहले कंपनी ने अपने खाता बही की जांच की तो कुछ असामान्य व संदिग्ध प्रविष्टियां देखीं। इसकी विस्तृत जांच हुई तो कंपनी द्वारा दी गई आईडी व ईपीआर का गलत प्रयोग पाया गया। लेन-देन में धोखाधड़ी की गई और पांच साल में 50 लाख 19 हजार 250 रुपये की रकम का दुुरुपयोग किया गया। लेन देन में फर्जी प्रविष्टियां मिलीं।
आरोप लगाया कि रोहित की ओर से कंपनी के रिटर्न लेजर में नकली जार रिटर्न करना दिखाया गया। जार की देनदारी को दूसरे वितरक के नाम पर स्थानांतरित कर दिया जाता रहा। इस प्रकार उसने कंपनी के पैसे को अपने नाम कर लिया। आरोपी ने गबन की बात स्वीकार कर 50 लाख रुपया वापस करने का झूठा वादा भी किया। कंपनी ने आरोपी को बर्खास्त भी कर दिया है। कुर्सी एसएचओ प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि प्रबंधक वित्त की तहरीर पर वरिष्ठ कार्यकारी लेखाकार रोहित सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है।