- आपूर्ति बहाल कराने में अधिकारियों के छूटे पसीने
संवाद न्यूज एजेंसी
बाराबंकी। जिले में बिजली व्यवस्था पटरी पर नहीं आ पा रही। आपूर्ति बहाल करने में अधिकारियों के पसीने छूट रहे हैं। आघोषित कटौती के बीच रामनगर डिवीजन के 350 गांवों में 17 घंटे आपूर्ति ठप रहने से लोग बेहाल रहे। जबकि 280 गांवों में 24 घंटे से बिजली नसीब नहीं हो सकी। अधिकारी मॉनीटरिंग नहीं कर पा रहे हैं।
रामसनेहीघाट क्षेत्र में तेज हवा के साथ बारिश से चरमराई बिजली आपूर्ति 24 घंटे बीतने के बाद भी शुरू नहीं हो सकी। मंगलवार को बाबकपुरवा, महराजगंज, खेवराजपुर, तूनिहा, पूरे निहाल, मंगरौडा, तेवारीकपुरवा, पांडे का पुरवा, भड़ौली, सनाकापुर, हथौधा, बडेला नारायनपुर, गौरवा, पहरूपुर,किटोली, राघवपुर, अंबर पुरवा समेत 160 गावों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी।
दिनभर जूझने के बावजूद पावर कार्पोरेशन के कर्मचारी फाॅल्ट नहीं ढूंढ़ सके। इससे करीब डेढ लाख आबादी को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं कोटवाधाम उपकेंद्र से जुड़े कोटवाधाम, तासीपुर, हरहारी, कोठीडीहा, रानीपुरवा, मुड़ियाडीह, रानी कटरा समेत 50 गांव की बिजली आपूर्ति मंगलवार शाम से ठप है। इससे करीब 40 हजार आबादी परेशानी झेल रही है।
उधर हैदरगढ़ डिवीजन में मंझार फीडर में बुधवार सुबह सात बजे व त्रिवेदीगंज फीडर में मंगलवार रात दस बजे से बिजली आपूर्ति बाधित है। फीडरों से जुड़े गांव त्रिवेदीगंज, बाबुआपुर, रौनी, गोतौना, वैद्यखेरा, तेजवापुर सहित 70 गांव की पचास हजार आबादी प्रभावित है। बुधवार शाम तक बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी।
रामनगर डिवीजन में सूरतगंज बिजली सब स्टेशन में फाल्ट के कारण मंगलवार रात साढ़े दस बजे लाइन ट्रिप हो गई। जिससे रानीगंज, सूरतगंज, अमराई गांव, सरसवां, बनर्की, मधवाजलालपुर, भैरमपुर, कुरेलवा समेत 350 गांवों की बिजली गुल हो गई। करीब 17 घंटे बाद बिजली आपूर्ति शुरू हो सकी। जिससे लोगों को रात बिन बिजली गुजारनी पड़ी वहीं पानी के लिए भटकना पड़ा।
फतेहपुर में बेलहरा क्षेत्र के ग्राम इसरौली, बसारा, बरोलिया, असोहन, गंगोला, हजरातपुर, मझगांवा, बिलौली, धमसंड़, छेदा, बसारी, गंगापुर, घाघसी, सेलुहमऊ, खिझना, मल्लावा समेत 25 गांव को आठ से दस घंटे ही बिजली मिल सकी। करीब तीस हजार आबादी को परेशानी झेलनी पड़ रही है। अधीक्षण अभियंता मनोज सोनकर का कहना है कि टीम लगातार जुटी है। जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल हो जाएगी।