बाराबंकी। शहर से लेकर गांवों तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। ग्रामीण इलाके में तारों के आपस में उलझने व टूटने से जहां 55 गांवों की बिजली आपूर्ति पांच घंटे ठप रही वहीं शहर में जनेस्मा के समीप ट्रांसफार्मर फुंकने व फाल्ट के चलते नौ मोहल्लों की बिजली आपूर्ति दो से तीन घंटे बंद रही।
शहर में मंगलवार सुबह जनेस्मा के निकट रखा अचानक फुंक गया जिससे रेलवे स्टेशन रोड, कचहरी व आसपास मोहल्ले की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। ट्रांसफार्मर फुंकने से आए फाल्ट के चलते जवाहर लाल मेमोरियल पीजी कॉलेज का बिजली मीटर भी जल गया। जेई सुभाष कुमार का कहना है कि केबल जल गई थी, फाल्ट दुरुस्त कराकर बिजली आपूर्ति शुरू करा दी गई है। वहीं सोमवार रात करीब 11 बजे आवास विकास, कोठीडीह, बड़ेल, आनंद विहार, सरस्वती विहार, बाल बिहार, महर्षि नगर, कटरा बारादरी, सट्टी बाजार की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। शिकायत पर इलाकाई जेई मौके पर पहुंचे और फाल्ट दुरुस्त कराकर रात साढ़े 12 बजे बिजली आपूर्ति शुरू कराई। लेकिन मंगलवार दोपहर फाल्ट हो गया जिससे दो घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही।
पांच घंटे ठप रही 55 गांवों की बिजली
निंदूरा क्षेत्र के ग्राम उधापुर के पास तेज हवाओं के चलते सोमवार रात एचटी लाइन के तार आपस में उलझ गए। जिससे मल्लांवा, सोहीपुर, भदरास, उधापुर, भदसिया, सैंदर, दीन पनाह, बिजौली समेत करीब 30 गांव की बिजली आपूर्ति रात 11 बजे से सुबह चार बजे तक ठप रही। इससे करीब 40 हजार की आबादी प्रभावित रही। वहीं ग्राम बसारा के पास सोमवार रात करीब दस बजे पेड़ की डाल गिरने से बिजली के तार टूट गए। इससे मझगंवा, इज्जतपुर, दौलतपुर, हैदरगंज, संदूपुर, समेत 25 गांव की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई।