हैदरगढ़ (बाराबंकी)। कोटेदार भी बिजली बकाया बिल जमा कर सकेंगे और इसके लिए कोई अतिरिक्त शुल्क भी नहीं देना होगा। बुधवार को कोटेदारों के साथ बैठक में पावर कॉर्पोरेशन के अधिशासी अभियंता ने यह बात कही।
अधिशासी अभियंता सत्येंद्र पांडेय ने कार्यालय पर क्षेत्र के अस्सी कोटेदारों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि बिलिंग प्रतिशत सुधारने के लिए कोटेदारों को भी बिजली का बिल जमा करने की सुविधा दी गई है। इसके लिए कोटेदारों को प्रशिक्षित किया जाएगा। कोटेदारों को एक बिल जमा करने पर कमीशन के तौर पर 17 रुपये मिलेंगे जबकि उपभोक्ताओं से विद्युत बिल के अतिरिक्त कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
बिलिंग एजेंसी के सुपरवाइजर को निर्देशित किया गया है कि प्रत्येक मीटर रीडर कोटेदार को साथ लेकर बिल बनाएं। मीटर रीडिंग लेने के बाद उपभोक्ताओं को कोटेदार द्वारा गांव में ही बिजली बिल जमा करने के संबंध में जानकारी दें। बिल जमा होने पर उपभोक्ताओं के मोबाइल पर एसएमएस के माध्यम से जानकारी पहुंच जाएगी। सभी कोटेदार को इस महीने लगने वाले कैंपों की सूचना भी दी गई।