बाराबंकी। सतरिख के मोहिउद्दीनपुर गांव में बुधवार दोपहर खेत में लगी झटका मशीन का तार खींचते समय खुलने के बाद उछलकर करीब 15 फीट ऊपर से गुजरी 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन पर गिरा। इससे नीचे तार पकड़कर खड़े गांव के शिवम (26) और अरविंद उर्फ बबलू (36) की करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। दोनों दोस्त थे।
पुलिस के अनुसार, अरविंद उर्फ बबलू (36) के खेत में छुट्टा मवेशियों को घुसने से रोकने के लिए झटका मशीन लगी है। इस मशीन में हल्का करंट आता है, जिससे पशु अंदर नहीं घुस पाते। बुधवार दोपहर अरविंद अपने दोस्त शिवम के साथ खेत पहुंचा। झटका मशीन से जुड़े तार ढीले होने से दोनों तार कसने में जुट गए।
तार खींचने के दौरान पिलर से खुल गया और ऊपर की ओर उछलकर हाई वोल्टेज लाइन पर जा गिरा। इससे दोनों युवक तेज करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास खेतों में काम कर रहे किसान दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे। परिजन आ गए और दोनों को बेसुध हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक डीके सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
इकलौता पुत्र था अरविंद, गांव में मातम
अरविंद अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उनकी चार बहनें हैं। परिवार में पत्नी, सात वर्षीय बेटी और पांच वर्षीय बेटा है। वह मोहिउद्दीनपुर चौराहे के पास किराना की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। वहीं शिवम दो भाइयों में बड़े थे। वह खेती के साथ भैंस पालकर परिवार की आजीविका चलाते थे। परिवार में माता-पिता, पत्नी और एक छोटा भाई है। एक साथ दो दोस्तों की मौत से पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में मातम का माहौल है।