गणेशपुर। रामनगर क्षेत्र की ग्राम पंचायत लहड़रा के मतऊपुरवा गांव में बृहस्पतिवार की दोपहर करंट की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है। बिटिया की शादी की तैयारियों में जुटे परिजनों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे। पिता की मौत के बाद बच्चे व पत्नी बेसहारा हो गए हैं।
पुलिस के अनुसार राकेश कुमार (49) दोपहर में पीने के लिए हैंडपंप से पानी भरने गए थे। हैंडपंप में बिजली चलित मोटर बंधी थी। उसी के तार से हैंडपंप में करंट उतर आने से जैसे ही राकेश ने इसे छुआ वह करंट की चपेट में आ गया। गांव निवासी पिंटू यादव ने बताया कि जब वह मौके पर पहुंचा तो राकेश जमीन पर पड़े थे। उसने उनके पैर को पकड़ कर हिलाने की कोशिश की तो खुद भी करंट का झटका लगने से दूर जा गिरा।
चीख पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो देखा कि वह राकेश बेहोश पड़े हैं। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। राकेश अपने पीछे पत्नी, बेटी फूलमती (19) और दो बेटे अमरचंद्र (17) व करमचंद (11) को छोड़ गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि बिटिया फूलमती की शादी तय हो जाने के बाद इसकी तैयारियां भी परिवार में चल रही थी। अचानक पिता की असमय मौत ने बिटिया के विवाह की खुशियों को मातम में बदल दिया है।