सिरौलीगौसपुर/ दरियाबाद (बाराबंकी)। सिरौलीगौसपुर में मुख्य लाइन का तार टूटने से क्षेत्र के करीब 230 गांव की डेढ़ लाख आबादी को रात बिन बिजली के काटनी पड़ी। रात में पावर कॉर्पोरेशन की टीम फाल्ट ढूंढने में लगी रही लेकिन फाल्ट का पता नहीं चला। शनिवार सुबह फाल्ट पता चलने पर जंफर व तार दुरुस्त किया गया। करीब 15 घंटे बाद बिजली आपूर्ति शुरू हो सकी। उधर, दरियाबाद ग्रामीण क्षेत्र की मुख्य लाइन में खराबी आ जाने से पांच घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही।
सिरौलीगौसपुर में शुक्रवार शाम करीब साढ़े छह बजे मुख्य लाइन में यार्ड के पास जफर उड़ने और तार टूटने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। क्षेत्र के ग्राम खजुरिहा, अमरा देवी, दरिगापुर, भवानीपुर, बदोसरांय, मरकामऊ, किंतूर अलीनगर, शहरी, मेला रायगंज, पंजरौली, करोरा, खजुरी, सिरौलीगौसपुर, खोर एत्मादपुर, तूलीपुर सहित करीब 230 गांवों की करीब डेढ़ लाख आबादी को रात बिन बिजली काटनी पड़ी।
लोग गर्मी व उमस से परेशान रहे। सुबह पानी के लिए लोगों को कठिनाई का सामना करना पड़ा। शनिवार सुबह करीब 9 बजे बिजली आपूर्ति शुरू होने पर लोगों ने राहत की सांस ली। अधिशासी अभियंता दिलीप यादव का कहना है कि जंफर उड़ने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। सूचना पर पावर कॉर्पोरेशन की टीम गई थी लेकिन रात होने की वजह से फाल्ट ढूंढने मेें दिक्क्त हुई। सुबह ही जंफर व तार दुरुस्त कर विजली आपूर्ति शुरू करा दी गई है।
वहीं दरियाबाद क्षेत्र में शनिवार सुबह करीब पांच बजे नवाबगंज-दरियाबाद मार्ग से निकली मुख्य लाइन का तार टूट गया। इससे क्षेत्र के तारापुर, मालिनपुर, बेलहरी, लालगंज, नोहरेपुर, उसरी, भैसौली, हरवंशपुर सहित 25 गांवों की बिजली गुल हो गई। सुबह बिजली गुुल होने से लोगों को हैंडपंप से पानी लेना पड़ा। सुबह करीब दस बजे बिजली आपूर्ति हो सकी। इससे करीब बीस हजार आबादी प्रभावित रही।