ब्लॉक प्रमुख पद के चुनाव के लिए अधिसूचना एक फरवरी को जारी की जाएगी। वहीं पांच फरवरी को प्रमुख पद के दावेदार ब्लॉकों पर नामांकन करेंगे। मतगणना 7 फरवरी को शाम तीन बजे से की जाएगी। प्रमुख पद पर होने वाले चुनाव की तैयारियों की जानकारी चुनाव आयोग ने शुक्रवार वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से डीएम और पुलिस अधीक्षक से ली।
चुनाव आयोग ने डीएम अजय यादव और एसपी अब्दुल हमीद से ब्लॉक प्रमुख चुनाव की तैयारियों की जानकारी ली। आयोग ने बताया कि जिले में ब्लॉक प्रमुख पद के चुनाव के लिए एक फरवरी को अधिसूचना लागू कर दी जाएगी। इसी दिन से नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू होगी जो 5 फरवरी तक 11 बजे तक होगी। पांच फरवरी को प्रमुख पद के दावेदार ब्लॉकों पर 11 से 3 बजे तक नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे। इसी दिन नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 6 फरवरी को नाम वापसी तथा 7 फरवरी को मतदान होगा और इसी दिन तीन बजे के बाद मतगणना होगी।
इस दौरान मतदान और मतगणना कराने की जानकारी भी आयोग ने दी। वीडियो कांफ्रेंसिंग में मौजूद अधिकारियों ने आयोग को बताया कि प्रमुख पद के चुनाव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं क्षेत्र पंचायत सदस्यों की फोटो युक्त मतदाता सूची भी प्रकाशित कर दी गई है। एडीएम हरिकेश चौरसिया ने बताया कि जिले में अधिसूचना एक फरवरी को लागू होगी।