बाराबंकी। मोहम्मदपुर खाला थाने के गोवा गांव में बृहस्पतिवार शाम को सियार के हमले से बुजुर्ग, एक किशोरी और तीन मवेशी घायल हो गए। वन विभाग की टीम गांव पहुंची तो कुछ दूरी पर सियार मृत मिला। जमील की 17 वर्षीय बेटी जैनब शाम करीब पांच बजे गांव के बाहर गई थी, तभी सियार ने उस पर हमला कर दिया।
उसके शोर मचाने पर सियार भागकर गांव में घुस गया और बरामदे में लेटे 75 वर्षीय राम सागर के पैरों में काट लिया। भगाने पर सियार ने उनके चेहरे और हाथों को भी नोच लिया। इसके बाद जीवनलाल यादव और पताली की भैंस पर हमला किया। उसने टीकाराम की बछिया को भी काटकर घायल कर दिया। फतेहपुर वन क्षेत्राधिकारी मोहम्मद जहीर मिर्जा ने बताया कि टीम मौके पर गई थी। उन्हें खेत में एक सियार का शव मिला है।