रामनगर (बाराबंकी)। कोतवाली क्षेत्र रामनगर में मानसिक रूप से बीमार एक युवती के साथ दूसरे समुदाय के 70 साल के एक बुजुर्ग द्वारा दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। युवती के गर्भवती होने पर आरोपी ने उसका एक निजी अस्पताल में गर्भपात करा दिया। इस दौरान युवती की हालत बिगड़ने पर मामला पुलिस तक पहुंच गया। पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने बुधवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार रामनगर कोतवाली क्षेत्र निवासी युवती के परिजनों का आरोप है कि मोहल्ला निवासी रज्जन साई (70) घर में परचून की दुकान चलाता है। मानसिक तौर से बीमार 20 साल की युवती उसकी दुकान पर आती जाती थी। चार माह पहले युवती उसकी दुकान पर गयी तो आरोपी ने नमकीन देने के बहाने घर के अंदर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। चार अगस्त को युवती के पेट में दर्द होने पर परिजन उसे सीएचसी ले गए। जहां पता चला कि वह चार माह के गर्भ से है।
इसकी जानकारी होने पर आरोपी युवती के परिजनों को बहला फुसला कर निजी अस्पताल ले गया, जहां युवती का गर्भपात करा दिया। गर्भपात के बाद युवती की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने पुलिस को मामले की जानकारी देकर आरोपी पर केस दर्ज कराया।