बड्डूपुर। लखनऊ-महमूदाबाद हाईवे पर टिकरा गांव के पास बुधवार सुबह एक मोपेड व बुलेट में जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बड्डूपुर के ही गोडै़चा गांव निवासी वंशी (60) की मौत हो गई जबकि लिलौली गांव के अनुज रावत (30), पत्नी शिवानी (28) और आठ माह का पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। मासूम की हालत नाजुक बनी है।
पुलिस के अनुसार बड्डूपुर के गोडै़चा गांव निवासी वंशी स्पेलर चलाते हैं। वह मोपेड से किसी काम से सीतापुर के महमूदाबाद की ओर जा रहे थे। इसी दौरान लिलौली गांव के अनुज बच्चे के बुखार की दवा लेकर वापस घर आ रहे थे। अचानक मोपड व बाइक में तेज आवाज के साथ आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद चारों सवार सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। वाहन चला रहे दोनों सवारों में किसी ने हेलमेट नहीं लगाया था।
पुलिस ने घायलों को नजदीक होने के कारण सीतापुर की महमूदाबाद सीएचसी पहुंचाया। यहां सिर में गंभीर चोट आने से मोपेड चला रहे वंशी को मृत घोषित कर दिया गया। बाइक सवार अनुज व पत्नी को डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल व मासूम को केजीएमयू के ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया गया। जहां मासूम की हालत गंभीर बनी है। पुलिस ने मोपेड व बाइक को कब्जे में लिया है।