बाराबंकी। डीएम शशांक त्रिपाठी ने सोमवार लोक सभागार में बैठक कर अभियोजन कार्यो की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज गंभीर मुकदमों में पुलिस को प्रभावी पैरवी करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि सभी गंभीर धाराओं के मुकदमों में पुलिस अपनी जांच रिपोर्ट साक्ष्यों के साथ लगाते हुए प्रभावी पैरवी करे जिससे अपराधियों को कड़ी सजा मिले और समाज में सुरक्षा का माहौल बन सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि संबंधित अधिकारियों की यह जिम्मेदारी है कि मुकदमों में साक्षी गवाही देने आए जिससे केस मजबूत हो सके। अपने ही बयानों से मुकरने वाली पीड़िताओं के पक्षद्रोही बयान को भी संज्ञान लिया जाए और संबंधित पर आवश्यक कार्रवाई की जाए। जिससे इस तरह के मामलों की पुनरावृत्ति पर रोक लग सके। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार सिंह, एएसपी विकास चन्द्र त्रिपाठी, सीओ सुमित त्रिपाठी, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुषमा वर्मा आदि मौजूद रहे।