बाराबंकी। चिनहट-देवा रोड स्थित श्री रामस्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी के परिसर में शुक्रवार को उस वक्त तालियों और नारों से गूंज उठा, जब वॉलीवुड स्टार सनी देओल, डिंपल गर्ल प्रीति जिंटा और युवा अभिनेता करण देओल पहुंचे।
जैसे ही फिल्मी सितारे मंच पर आए, हॉल में मौजूद युवाओं का जोश सातवें आसमान पर पहुंच गया। ढाई किलो का हाथ वाला डॉयलाग सुनकर उनका उत्साह और बढ़ गया। छात्र-छात्राओं में अपने पसंदीदा सितारों की एक झलक पाने और उन्हें कैमरे में कैद करने की होड़ सी मच गई।
एक फिल्म के प्रमोशनल कार्यक्रम के दौरान सनी देओल ने अपनी बुलंद और परिचित आवाज में युवाओं को संबोधित करते हुए देशप्रेम और सामाजिक सौहार्द का एक मजबूत संदेश दिया। उन्होंने कहा हिंदू और मुस्लिम सभी एक ही देश और एक ही मां के बच्चे हैं। हमें आपसी भेदभाव भूलकर प्रेम, भाईचारे और सम्मान के साथ मिलकर रहना चाहिए।