अमेठी सिटी। गांव के विकास के लिए हर बार सरकारी बजट का इंतजार न करना पड़े, इसके लिए जगदीशपुर के मरौचा तेतारपुर ग्राम पंचायत ने अपनी कमाई के संसाधन विकसित किए हैं। मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना 2024-25 में प्रथम स्थान मिलने पर प्राप्त 35 लाख रुपये से पंचायत ने सोलर आटा चक्की, डिजिटल लाइब्रेरी, कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र और सिलाई केंद्र जैसी सुविधाएं शुरू कीं। इनसे ग्रामीणों को गांव में ही पढ़ाई, प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। पंचायत को इन संसाधनों से सालाना 70 से 75 हजार रुपये तक आमदनी हो रही है। अब वर्मी कंपोस्ट तैयार कर बेचने की योजना है।
चक्की से सस्ती पिसाई, लाइब्रेरी में पढ़ाई
ग्राम पंचायत में स्थापित सोलर आटा चक्की पर दो रुपये प्रति किलो की दर से गेहूं की पिसाई होती है। इससे ग्रामीणों को सस्ती सुविधा मिल रही है। डिजिटल लाइब्रेरी में प्रतिदिन 50 से अधिक बच्चे पढ़ाई करने पहुंचते हैं। यहां विद्यार्थियों को शांत वातावरण में अध्ययन की सुविधा मिलती है। युवाओं को कंप्यूटर प्रशिक्षण देने के लिए दस कंप्यूटर सेट लगाए गए हैं। केंद्र में शिक्षक की व्यवस्था है। प्रशिक्षण के लिए 200 रुपये मासिक शुल्क लिया जाता है।
महिलाओं को हुनर, दिव्यांग परिवार को रोजगार
पंचायत के सिलाई प्रशिक्षण केंद्र में महिलाओं को सिलाई का प्रशिक्षण दिया जाता है। इसका उद्देश्य उन्हें हुनरमंद बनाकर स्वरोजगार से जोड़ना है। वहीं पंचायत भवन का सड़क किनारे स्थित एक कमरा दिव्यांग परिवार को किराये पर दिया गया है। परिवार इसमें होटल चलाकर आजीविका चला रहा है। इससे परिवार को रोजगार मिला है और पंचायत को 200 रुपये प्रतिमाह किराया मिलता है।
वर्मी कंपोस्ट से बढ़ेगी पंचायत की आय
पंचायत अब जैविक खाद तैयार कर बेचने की योजना पर काम कर रही है। प्रशासक दिनेश मौर्य श्रावस्ती से वर्मी कंपोस्ट बनाने का प्रशिक्षण लेकर आए हैं। पंचायत में केंचुआ खाद तैयार कर उसकी बिक्री की जाएगी। इससे पंचायत की आमदनी बढ़ने के साथ किसानों को जैविक खाद भी उपलब्ध हो सकेगी।
सुविधाओं पर लाखों रुपये खर्च
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, सिलाई केंद्र पर 1,44,840 रुपये, कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र पर 3,06,005 रुपये, पुस्तकालय कक्ष पर एक लाख रुपये, पंचायत भवन के सुंदरीकरण पर 4,97,563 रुपये और सोलर आटा चक्की की स्थापना पर 7,29,300 रुपये खर्च किए गए।
गांव की कमाई से गांव के विकास का नया मॉडल
जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज त्यागी ने बताया कि मरौचा तेतारपुर ग्राम पंचायत ने अपने संसाधनों से आय के साधन विकसित कर विकास की नई मिसाल पेश की है। पंचायत की ओर से स्थापित सुविधाओं से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार, प्रशिक्षण और पढ़ाई के अवसर मिल रहे हैं। दूसरी ग्राम पंचायतों को भी स्थानीय जरूरतों और उपलब्ध संसाधनों के आधार पर आय के स्रोत विकसित करने चाहिए। इससे गांवों का विकास निरंतर जारी रखने में मदद मिलेगी।