मसौली। बाराबंकी-बहराइच हाईवे से बड़ागांव जाने वाली सड़क पर सोमवार देर रात ई-रिक्शा नहर में पलटने के बाद बदहवास चालक हाईवे की ओर भागा, जहां अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार बड़ागांव निवासी सचिन यादव (25) ई-रिक्शा चलाता था। सोमवार रात वह ई-रिक्शा लेकर घर लौट रहा था। गांव के मोड़ पर अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा नहर में जा गिरा। हादसे से घबराकर सचिन गांव की ओर जाने के बजाय हाईवे की ओर भागा। तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। परिजन उसे खोजते हुए पहुंचे तो वह लहूलुहान हाईवे पर पड़ा मिला। उसी हालत में उसे सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सीओ गरिमा पंत ने बताया कि टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।