रामसनेहीघाट स्थित बस स्टेशन। संवाद
बाराबंकी। लखनऊ-अयोध्या हाईवे स्थित रामसनेहीघाट तहसील मुख्यालय से जल्द ई बसों का संचालन शुरू होने की उम्मीद है। नवनिर्मित बस अड्डे पर इलेक्ट्रिक बसें चलाने की तैयारी शुरू हो गई है। चार्जिंग स्टेशन के लिए परिवहन निगम ने पावर कॉरपोरेशन के पास 1.64 करोड़ रुपये जमा कर दिए हैं। स्टेशन तैयार होने के बाद ई बसों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू होगी।
रामसनेहीघाट से अयोध्या, दरियाबाद, हैदरगढ़ और बाराबंकी समेत कई प्रमुख मार्ग जुड़े हैं। ऐसे में ई बसों के संचालन से यात्रियों को परिवहन का विकल्प मिलेगा। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक जिला मुख्यालय तक करीब 36 किमी की दूरी भी ई बस से तय की जा सकेगी।
कुछ माह पहले ही नए बस अड्डे का संचालन शुरू हुआ है। अब इसे ई बस सेवा से जोड़ने की तैयारी है। एआरएम संजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि कनेक्शन और अन्य कार्यों के लिए पावर कॉरपोरेशन में 1.64 करोड़ रुपये जमा करा दिए गए हैं।