सैदनपुर (बाराबंकी)। बदोसराय थाना क्षेत्र मेंं सोमवार दोपहर तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से महिला व उसकी तीन साल की मासूम पोती सड़क पर गिर पड़ी। डंपर दोनों को कुचलता हुआ निकल गया। हादसे में दादी व पोती की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों के अनुसार बाइक चला रहे भाजपा के जिला मंत्री बाल बाल बच गए। पुलिस ने पीछा किया तो चालक करीब तीन किमी दूर डंपर छोड़कर भाग गया।
बदोसराय थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव निवासी सफाईकर्मी योगेंद्र कुमार की पत्नी गीता देवी (50) अपनी पोती पीहू (3) की दवा लेने परिवार के ही रामसागर के साथ बाइक से मरकामऊ कस्बा जा रही थीं। इस दौरान बदोसराय के पास रामनगर जाने वाली सड़क पर गिट्टी लादकर जा रहे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही गीता देवी और पीहू सड़क पर गिरे और डंपर के पहिए के नीचे आ गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। थानाध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतका गीता देवी के पुत्र संदीप की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज किया है।
माता-पिता की इकलौती संतान थी पीहू
हादसे में जान गंवाने वाली तीन साल की मासूम पीहू अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी। घटनास्थल पर पहुंचे पीहू के पिता संदीप बेटी व मां के शव देखकर होश खो बैठा। गांव में भी कोहराम मच गया। संदीप ने ही पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बाइक पड़ोसी रामसागर चला रहे थे। रामसागर भाजपा के जिला मंत्री हैं।