फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Barabanki News: आलू की खोदाई में देरी से मेंथा की बोआई भी लटकी

विज्ञापन
विज्ञापन
बाराबंकी। भंडारण के लिए स्टोर से टोकन न मिलने व आलू की गिरती कीमतों से जूझ रहे किसानों के आगे अब मेंथा बोआई में देरी होने का संकट भी गहराने लगा है। किसानों के खेत अगर समय से खाली नहीं हुए तो मेंथा की फसल से भी हाथ धो बैठेंगे। ऐसे में किसान अपना आलू खोद कर घरों में इकट्ठा करने को मजबूर हो गया है।
विज्ञापन



जिले के फतेहपुर तहसील क्षेत्र के किसान सबसे ज्यादा आलू और मेंथा की फसल तैयार करते हैं। यही उनकी आजीविका का मुख्य साधन भी है। इस बार आलू का उत्पादन अच्छा हुआ, फिर भी किसान दर-दर भटकने को मजबूर हैं। आलू का भाव चार सौ रुपये क्विंटल से आगे बढ़ना भी मुश्किल हो रहा है।


वहीं कोल्ड स्टोर से भंडारण के लिए टोकन नहीं मिल रहा है। समय बीतने के साथ अब किसानों को खेत खाली करने की भी चिंता सताने लगी है, ताकि मेंथा व अन्य फसलों की बोआई समय से हो सके। ऐसे में निंदूरा क्षेत्र के कई गांवों में किसान आलू खोदकर घरों में इकट्ठा करने लगे हैं। वहीं दूसरी ओर सोमवार को भी रुक्मणि कोल्ड स्टोर बाबा कुटिया, कपूर कोल्ड स्टोर बसारा, प्रेरणा कोल्ड स्टोर मल्लावा में किसानों की लंबी कतार लगी रही। यहां किसानों का आलू समय से न उतारे जाने की समस्या सामने आ रही है।
विज्ञापन



क्या कहते हैं किसान
कोल्ड स्टोर से टोकन लेने के लिए प्रयास कर रहे हैं, लेकिन हर बाद तारीख पर तारीख दी जा रही है। यदि समय से आलू स्टोर नहीं पहुुंचा तो मेंथा के साथ मिर्चा एवं धान की रोपाई भी पिछड़ेगी।
- पतिराम, ग्राम पंचायत बसारा

आलू के न तो अच्छे दाम मिल रहे हैं और न ही भंडारण हो पा रहा है। समय रहते समस्या का हल नहीं हुआ तो आलूू खोदकर घर में ही ढेर लगाना पड़ेगा, जिससे काफी आलू सड़ भी जाएगा।
- प्रेम यादव, पकरियापुर



650 रुपये में आलू खरीदने की तैयारी में सरकार
बाराबंकी। आलू भंडारण व गिर रही कीमतों को लेकर सोमवार को कृषि उत्पादन आयुक्त मनोज कुमार सिंह ने सभी जिलों के उद्यान अधिकारियों व मंडी समिति के अधिकारियों के साथ वीडियो कान्फ्रेंसिंग की। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि किसानों, एफपीओ, सहकारी समितियों, कमीशन एजेंट व फुटकर व्यवसाइयों को सौ किमी तक परिवहन एवं भंडारण पर 50 प्रतिशत अनुदान का लाभ दिलाया जाए। व्यक्तिगत किसान एवं किसानों के समूह को न्यूनतम नौ एमटी, एफपीओ व सहकारी समितियों को सौ एमटी, कमीशन एजेेंट व निर्यातकों को पांच सौ एमटी एवं फुटकर व्यवसायी व विपणन संघ को न्यूनतम एक हजार एमटी की मात्रा पर अनुदान दिया जाएगा। कृषि उत्पादन आयुक्त ने कहा कि सात जिलों की तरह अन्य जिलों में भी एमएसपी पर 650 रुपये प्रति क्विंटल की दर से आलू खरीदने की योजना तैयार की जाए। इसमें औद्यानिक सहकारी विपणन संघ व मंडी समिति संयुक्त रूप से खरीद करेगी, जिसका सीधा लाभ किसानों को दिया जाए। डीएचओ ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार योजना लागू की जाएगी।



स्टोर में 4.03 लाख एमटी आलू का भंडारण
डीएचओ महेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में संचालित 50 कोल्ड स्टोर में साढ़े चार लाख मीट्रिक टन आलू भंडारण की क्षमता है। इसके सापेक्ष अब तक करीब चार लाख तीन हजार 618 मीट्रिक टन आलू भंडारित हो चुका है। अभी कोल्ड स्टोर में भंडारण की पर्याप्त क्षमता है। किसानों का आलू हर हाल में भंडारित कराया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें