बाराबंकी। लखनऊ में पेट्रोल पंप पर काम करने वाली लखीमपुर खीरी जिले की एक युवती को बड्डूपुर थाना क्षेत्र का युवक बहला-फुसलाकर अपने गांव ले आया। भोर में युवती नशे में धुत मिली। गांव में जानकारी फैलते ही ग्रामीणों में चर्चा शुरू हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक भाग गया।
पुलिस के अनुसार, बड्डूपुर थाना क्षेत्र के ओझियापुर गांव निवासी अमित लखनऊ में रहता है। युवती अपनी बड़ी बहन के साथ लखनऊ में रहकर पेट्रोल पंप पर कार्य करती है। पुलिस के अनुसार, युवक युवती को बाइक से लाया था। रास्ते में कहीं पर दाेनों हादसे का शिकार भी हुए। रात करीब डेढ़ बजे ग्रामीणों को युवती गांव में नशे में मिली तो ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही युवक मौके से भाग निकला। पुलिस ने युवती को संरक्षण में लेकर मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा और परिजनों को सूचना दी। सीओ फतेहपुर जगत राम कनौजिया ने बताया कि युवती की बड़ी बहन लखनऊ में रहती है। उनकी तहरीर पर अपहरण का मामला दर्ज किया गया है। युवती का बयान दर्ज किया गया है।