रामनगर (बाराबंकी)। पूर्वोत्तर रेलवे की डीआरएम डॉ. मोनिका अग्निहोत्री ने शुक्रवार को बुढ़वल जंक्शन (रेलवे स्टेशन) का निरीक्षण किया। इस दौरान सरकुलेटिंग एरिया, स्टेशन अधीक्षक कार्यालय, टिकट आरक्षण कार्यालय, यात्री प्रतीक्षालय, आरपीएफ पोस्ट, आरक्षण कार्यालय व प्लेटफार्मों की सफाई व्यवस्था, विद्युत टीएसएस आदि का विस्तृत निरीक्षण किया।
पत्रकार वार्ता में डीआरएम ने बताया कि यात्री सुविधा के लिए सम्भवत: एक मार्च से पैसेंजर ट्रेन का आवागमन शुरू हो जाये। स्टेशन के दो प्लेटफार्म को ऊंचा कर दिया गया है। तीसरे प्लेटफार्म की भी ऊंचाई बढ़ाई जाएगी। साथ ही बुढ़वल रेलवे स्टेशन पर बन रहे पार्क का निरीक्षण किया। जिसमें मॉर्निंग वॉक के लिये प्लेटफॉर्म व छोटे बच्चों के खेलने के लिये झूले लगाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय श्रीवास्तव, वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबंधक अम्बर प्रताप सिंह, वरिष्ठ मण्डल परिचालन प्रबंधक डॉ. हरीश रैड़तौलिया आदि रेलवे अधिकारी मौजूद रहे। इसके बाद डीआरएम ने सुढ़ियामऊ रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर वहां भी यात्री सुविधाओं का हाल देखा।