बाराबंकी। उप संभागीय परिवहन कार्यालय में पोर्टल खुलने से आवेदकों की चहलपहल तेज हो गई। कोरोना महामारी के चलते लाइसेंस बनना बंद हो गए थे। इससे पांच हजार लर्निंग और एक हजार परमानेंट ड्राइविंग लाइसेंस आवेदन पेंडिंग हो गए। दो माह तक सारथी पोर्टल को भी बंद कर दिया गया था। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। सोमवार को 30 लर्निंग और 74 परमानेंट लाइसेंस जारी किए गए।
बीते दो माह से बंद लर्निंग लाइसेंस सोमवार से बनने शुरू हो गए। उप संभागीय परिवहन कार्यालय में पहले की तरह आवेदकों की भीड़ दिखी। आवेदनों की जांच कराने से लेकर फोटो खिंचाने के लिए आवेदक अपनी बारी का इंतजार करते दिखाई दिए तो कर्मचारी भी कागजातों की पड़ताल करते नजर आए।
आवेदन पत्रों की जांच के दौरान 20 आवेदन पत्रों में कमी पाई गई। ऐसे आवेदकों को आवेदन पत्रों व कागजातों में सुधार कराकर दोबारा स्लॉट की तिथि पर बुलाया गया। सोमवार को 30 लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस व 74 परमानेंट ड्राइविंग लाइसेंस बनाए गए।
पेंडिंग हो गए एक हजार आवेदन
कोरोना महामारी के चलते परमानेंट ड्राइविंग लाइसेंस के एक हजार आवेदन पेंडिंग हो गए। अब परमानेंट ड्राइविंग लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सोमवार को ड्राइविंग टेस्ट पास करने वाले 74 आवेदकों को लाइसेंस जारी किया गया। ड्राइविंग टेस्टिंग मेें चार लोग ड्राइविंग टेस्ट पास नहीं कर सके।
कार्यालय के सभी कार्य अब रूटीन में शुरू हो गए हैं। परिवहन आयुक्त के आदेश के अनुसार सोमवार से लाइसेंस प्रक्रिया शुरू कर दी गई। कोरोना से बचाव के लिए नियमों का पूर्णतया पालन किया जा रहा है। गेट पर ही लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार उद्घोषणा कर जागरूक भी किया जा रहा है।
-पंकज सिंह, एआरटीओ प्रशासन