कुर्सी (बाराबंकी)। थाना क्षेत्र कुर्सी में आपने सामने आए वाहनों को पीछे करने को लेकर पिकअप व ऑटो चालक भिड़ गए। हमले में एक को गंभीर चोट आने के चलते उसकी मौत हो गई। हरकत में आई पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
कुर्सी थाना क्षेत्र के कस्बा टिकैतगंज निवासी शब्बीर अहमद (40) शुक्रवार को घर से पिकअप लेकर निकला था। कस्बे में ही मदरसे के निकट मोड़ पर सामने से यहीं के निवासी इमरान अपना ऑटो लेकर आ गया। स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों में वाहन पीछे करने को लेकर बहस होने लगी।
आसपास मौजूद दुकानदारों ने बीचबराव का प्रयास किया लेकिन गाली-गलौच के साथ मारपीट में होने लगी। कुछ लोगों का कहना है कि ऑटो चालक इमरान ने वाहन में रखे लोहे के राड से पिकअप चालक शब्बीर के सिर पर मार दिया जबकि कुर्सी थानाध्यक्ष ने बताया कि इमरान के धक्का देने से शब्बीर नाली में गिरा और कोना लगने से सिर में चोट लग गई।
परिजन गंभीर हालत में शब्बीर को निजी अस्पताल में ले गए जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। घटना के बाद ऑटो चालक मौके से फरार हो गया। थानाध्यक्ष गजेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तहरीर का इंतजार है।