बाराबंकी। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी अधिकारियों के साथ चौपुला पर वाहनों के डायवर्जन की जांच करने पहुंचे। इस दौरान वाहनों को रोककर दूसरे मार्गों से भेजा जा रहा था। मंगलवार को सुबह 11 बजे एक डॉक्टर साहब भी पहुंचे। पुलिस ने रोका तो बोले अस्पताल जा रहा हूं। डीएम ने एडीएम से कहा, सीएमओ से पूछिए की डॉक्टरों के अस्पताल जाने का समय क्या है। डीएम के निर्देश पर डॉक्टर से जवाब तलब किया गया है।
अयोध्या में बढ़ती श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए अयोध्या हाईवे पर चौपुला से वाहनों को दूसरे मार्गों से भेजा जा रहा है। इसकी जांच करने जिलाधिकारी, एसपी दिनेश कुमार सिंह और एडीएम इंद्रसेन के साथ पहुंचे थे। इस दौरान सीएचसी टिकैतनगर में तैनात डॉ. योगेंद्र मौर्या पहुंचे तो पुलिस ने उनके वाहन को रोक दिया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वह अस्पताल में ड्यूटी करने जा रहे हैं। जिसपर डीएम ने एडीएम से कहा कि सीएमओ से पूछकर डॉक्टरों के अस्पताल जाने का समय बताएं। डीएम के निर्देश पर एडीएम ने पूरे प्रकरण की जानकारी सीएमओ को देते हुए संबंधित से जवाब तलब करने के लिए कहा है। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि डीएम के निर्देश पर सीएमओ को अवगत करा दिया गया है।