बाराबंकी। बारिश को लेकर प्रशासन की ओर से एडवायजरी जारी की गई थी, जिसमें सभी विभागों को अलर्ट रहने के आदेश दिए गए थे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से चिकित्सकों को अस्पतालों में मौजूद रहने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन प्रशासन के इस आदेश का चिकित्सकों पर कोई असर देखने को नहीं मिला।
कोटवासड़क पीएचसी पर शनिवार को सन्नाटा पसरा हुआ था। यहां पर चिकित्सक तो दूर की बात कोई कर्मचारी तक मौजूद नहीं था। कुछ ऐसा ही नजारा सीएचसी घुंघटेर का दिखाई दिया। यहां तैनात अन्य चिकित्सकों की बात तो दूर, खुद सीएचसी अधीक्षक अस्पताल में मौजूद नहीं थे।
वहीं पीएचसी कुर्सी में भी चिकित्सक की कुर्सी खाली पड़ी थी। जबकि बदोसरायं पीएचसी पर ही चिकित्सक और कर्मचारी मौजूद दिखाई दिए। इस बाबत सीएमओ डॉ. अवधेश कुमार का कहना है कि आदेश के बाद भी अस्पताल से चिकित्सकों का गायब रहना गंभीर मामला है। इसकी जांच कराकर ऐसे चिकित्सकों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।